टाटा मोटर्स के कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले: ग्रेड रिवीजन में ₹19,750 की भारी वृद्धि, समय से पहले हुआ ऐतिहासिक समझौता

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: टाटा मोटर्स के कर्मचारियों के लिए होली और दिवाली एक साथ आ गई है। कंपनी और टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के बीच नए ग्रेड रिवीजन (वेतन समझौते) पर मुहर लग गई है। इस बार कर्मचारियों के मासिक वेतन (CTC) में 19,750 रुपये की शानदार बढ़ोतरी की गई है। सबसे खास बात यह है कि यह समझौता कार्यकाल खत्म होने से पहले ही संपन्न कर लिया गया है, जिससे कर्मचारियों में भारी उत्साह है।

समझौते की बड़ी बातें और नया वेतनमान
गुरुवार को हुए इस द्विपक्षीय समझौते के तहत कंपनी के 7,321 कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा। यह नया वेतन समझौता 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा और अगले चार साल की अवधि के लिए लागू रहेगा। 19,750 रुपये की इस वृद्धि में कर्मचारियों का मूल वेतन, विभिन्न भत्ते और अन्य मदों को शामिल किया गया है।बता दें कि पिछला समझौता साल 2022 में हुआ था, जिसमें 17,000 रुपये की मासिक वृद्धि हुई थी। इस बार की बढ़ोतरी पिछली बार के मुकाबले और भी बड़ी है।

यूनियन की रणनीति आई काम
टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने बताया कि यूनियन का मुख्य लक्ष्य समझौते को लंबित होने से बचाना था। उन्होंने कहा कि हमने कर्मचारियों से जो वादा किया था, उसे पूरा किया है। कार्यकाल खत्म होने से पहले ही नया ग्रेड रिवीजन फाइनल करना हमारी बड़ी जीत है। समझौते पर मैनेजमेंट की ओर से प्लांट हेड अनुराग छारिया, एचआर और आईआर विभाग के अधिकारियों ने हस्ताक्षर किए, वहीं यूनियन की ओर से अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपनी सहमति दी।

Advertisement

जश्न में डूबा टेल्को: आतिशबाजी और विजय जुलूस
जैसे ही समझौते की खबर प्लांट से बाहर आई, कर्मचारी जश्न में डूब गए। कंपनी गेट के बाहर यूनियन पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया गया। ‘आरके सिंह फैंस क्लब’ और आम कर्मचारियों ने ढोल-नगाड़ों, पटाखों और अबीर-गुलाल के साथ विजय जुलूस निकाला। इसके बाद यूनियन कार्यालय में हुई बैठक में कमेटी मेंबरों को विस्तार से समझौते की बारीकियों के बारे में बताया गया। इस मौके पर सलाहकार प्रवीण सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अजय भगत और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article