धनबाद – जनता दरबार में गूंजा विकास का मुद्दा: बेकारबांध में पुस्तकालय और पार्क की मांग

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बेकारबांध, गोविंदपुर, बाघमारा, टुंडी और तोपचांची समेत कई इलाकों के लोग अपनी शिकायतें और मांगें लेकर पहुंचे।

बेकारबांध में पुस्तकालय और पार्क की मांग

जनता दरबार में बेकारबांध से आए लोगों ने क्षेत्र में खाली पड़ी जमीन पर सार्वजनिक पुस्तकालय और पार्क निर्माण की मांग उठाई। लोगों का कहना था कि इससे क्षेत्र के छात्रों और युवाओं को पढ़ाई और बेहतर माहौल मिलेगा।

अनियमितता और विकास कार्यों की शिकायतें

बाघमारा से आए एक व्यक्ति ने नवनिर्मित हाई स्कूल के निर्माण में अनियमितता की जांच कराने की मांग की। वहीं टुंडी के ग्रामीण ने सरकारी तालाब के जीर्णोद्धार का अनुरोध किया, ताकि जल संरक्षण और स्थानीय उपयोग में सुधार हो सके।

अन्य समस्याओं की भी उठी आवाज

जनता दरबार में अवैध कब्जा, मंदिर के रास्ते को बाधित करने, फर्जी दस्तावेज के आधार पर जमीन हड़पने, वार्ड नंबर 23 में सड़क और नाला निर्माण, अवैध कोयला खनन, धोखाधड़ी, ऑनलाइन रसीद निर्गत करने और मुआवजा भुगतान जैसी कई शिकायतें सामने आईं। इसके अलावा बेलगड़िया में आवास आवंटन से जुड़ी समस्याएं भी रखी गईं।

अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

उपायुक्त आदित्य रंजन ने सभी आवेदनों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

इस दौरान सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नियाज अहमद भी उपस्थित रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....