अमेरिका में सोशल मीडिया दिग्गज Meta Platforms को बड़ा झटका लगा है। न्यू मैक्सिको की एक जूरी ने कंपनी पर 375 मिलियन डॉलर (करीब 3000 करोड़ रुपये) का भारी जुर्माना लगाया है।
यह मामला बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़ा हुआ है, जिसमें आरोप था कि Meta ने अपने प्लेटफॉर्म Facebook और Instagram पर सुरक्षा को लेकर यूजर्स को गुमराह किया।
जूरी ने पाया कि कंपनी बच्चों को ऑनलाइन खतरों से बचाने में नाकाम रही और प्लेटफॉर्म पर मौजूद जोखिमों के बारे में सही जानकारी नहीं दी गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, नाबालिगों तक आपत्तिजनक कंटेंट और संदिग्ध लोगों की पहुंच को रोकने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए।
मामले में यह भी सामने आया कि Meta को इन खामियों की पहले से जानकारी थी, इसके बावजूद समय पर प्रभावी सुधार नहीं किए गए। इसे उपभोक्ता सुरक्षा नियमों का उल्लंघन माना गया।
यह केस 2023 में दायर किया गया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि कंपनी ने मुनाफे को प्राथमिकता देते हुए यूजर्स, खासकर बच्चों की सुरक्षा को नजरअंदाज किया।
हालांकि Meta ने इस फैसले से असहमति जताई है और संकेत दिया है कि वह इस पर अपील कर सकती है। कंपनी का कहना है कि वह यूजर्स की सुरक्षा के लिए लगातार नए फीचर्स और टूल्स लागू कर रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला टेक कंपनियों के लिए एक बड़ा संकेत है। आने वाले समय में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर नियम और सख्त हो सकते हैं।

