स्वर्णरेखा से दोमुहानी तक ‘अलर्ट मोड’ पर प्रशासन: विसर्जन के लिए चाक-चौबंद हुई व्यवस्था

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : रामनवमी विसर्जन को शांतिपूर्ण व सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जमशेदपुर के स्वर्णरेखा, दोमुहानी, बालूघाट, बेलीबोधन, ग्रीन पार्क व डीवीसी, बागबेड़ा घाट सहित शास्त्रीनगर का निरीक्षण किया। साथ ही विसर्जन घाटों व शोभायात्रा मार्ग में प्रशासनिक इंतजामों व सुरक्षित विसर्जन के संबंध में संबंधित अधिकारियों व आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा श्रद्धालुओं की सुविधा, पर्याप्त प्रकाश, साफ-सफाई की व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। त्योहारो के दौरान विधि व्यवस्था संधारण व दुर्घटना को रोकने के लिए प्रशासन हर संभव कदम उठाया जाएगा।

निरीक्षण के क्रम में सुरक्षा दृष्टिकोण से घाटों पर बैरिकेडिंग, समतलीकरण करने का निर्देश दिया गया। ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना की आशंका को न्यूनतम किया जा सके। इसके अतिरिक्त गोताखोर व आपदा प्रबंधन टीमों को विसर्जन के दौरान अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। घाटों के पहुंच पथ की मरम्मत व नागरिक सुविधा के लिए नगर निकाय व जुस्को प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विसर्जन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों तक जाने वाले पहुंच पथों का मरम्मतीकरण, घाट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा मानकों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित की जाए।

विधि व्यवस्था पर सतत निगरानी के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस का निर्देश दिया। भीड़ भाड़ नियंत्रण के लिए वाचटावर, माईक सेट की व्यवस्था करने और शोभायात्रा मार्ग व घाटों पर ड्रोन व वीडियो कैमरा से निगरानी की व्यवस्था के लिए निर्देशित किया। उन्होंने यह भी कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। विसर्जन के दौरान सभी सुरक्षा उपायों को मूर्त रूप दिया जाएगा। उन्होंने सभी अखाड़ा समितियो व आयोजकों को शांतिपूर्ण व सुरक्षित तरीके से पर्व संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने व सरकार के द्वारा जारी झंडा की ऊंचाई सहित अन्य सभी निर्देशों के पालन करने की अपील की।

निरीक्षण दौरान उपायुक्त के अलावे सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्णव मिश्रा, उप नगर आयुक्त जेएनएसी कृष्णा कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, एडीएम लॉ एंड ऑडर राहुल जी आनंद जी, सहित पुलिस उपाधीक्षक ट्रैफिक, पुलिस उपाधीक्षक हेडक्वार्टर, जुस्को, आयोजन समिति के प्रतिनिधि प्रमुख रूप से मौजूद थे।

Share This Article