स्कूली छात्रों को वित्तीय ज्ञान देने RBI का अनोखा प्रयास, ‘जादू से जागरूकता’ कार्यक्रम आयोजित

KK Sagar
1 Min Read

धनबाद। भारतीय रिज़र्व बैंक के राँची क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा ‘जादू से जागरूकता’ अभियान के तहत कोयलनगर स्थित बीसीसीएल सामुदायिक भवन में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के 13 विद्यालयों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय निदेशक प्रेम रंजन प्रसाद उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए वित्तीय साक्षरता के महत्व पर जोर दिया। साथ ही केंद्रीय बैंक की भूमिका, बैंकिंग प्रणाली, डिजिटल बैंकिंग, सतर्कता और वित्तीय जागरूकता के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।

इस आयोजन की खास बात यह रही कि जादू के माध्यम से बैंकिंग, बजट, बीमा और निवेश जैसे जटिल विषयों को सरल और रोचक तरीके से प्रस्तुत किया गया, जिससे छात्रों ने आसानी से इन विषयों को समझा।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र को ₹11,000, द्वितीय को ₹7,000, तृतीय को ₹4,000 तथा दो प्रतिभागियों को ₹2,000-₹2,000 के सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस तरह के कार्यक्रम छात्रों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माने जा रहे हैं।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....