हाजीपुर। आज दिनांक 28 मार्च 2026 को वैशाली रेल प्रेक्षागृह में आयोजित भव्य समारोह में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने वर्ष 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ‘विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार’ से सम्मानित किया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती सुनीता सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



इस मौके पर अपर महाप्रबंधक श्री अमरेन्द्र कुमार, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री सुरेश चन्द्र श्रीवास्तव समेत मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और पांचों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यालय और मंडलों की सांस्कृतिक टीमों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने सराहा।
महाप्रबंधक ने समारोह में कुल 94 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विभागों और मंडलों के बीच 56 दक्षता एवं सर्वांगीण दक्षता शील्ड भी प्रदान की गई।
उत्कृष्ट कार्यकुशलता के लिए वर्ष 2025 का महाप्रबंधक ओवरऑल एफिशिएंसी शील्ड पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल को मिला, जबकि रनर्स-अप कप धनबाद मंडल को प्रदान किया गया। स्वच्छता अभियान के तहत बड़े स्टेशनों की श्रेणी में धनबाद, मध्यम श्रेणी में पाटलिपुत्र स्टेशन और छोटे स्टेशनों में सलौना स्टेशन को स्वच्छता शील्ड से नवाजा गया। वहीं जनशिकायत निवारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘रेल मदद शील्ड’ भी धनबाद मंडल को मिला।
अपने संबोधन में महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने पूर्व मध्य रेल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में 31 हजार करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित कर यह भारतीय रेल में सर्वाधिक राजस्व प्राप्त करने वाला जोन बना है। माल लदान के क्षेत्र में लगातार दूसरे वर्ष 200 मिलियन टन का आंकड़ा पार कर नया कीर्तिमान स्थापित किया गया है।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्व मध्य रेल क्षेत्र में 12 जोड़ी वंदे भारत, 17 जोड़ी अमृत भारत और 1 जोड़ी नमो भारत रैपिड रेल का सफल संचालन हो रहा है। हाल ही में 4.5 किलोमीटर लंबी ‘रुद्रास्त्र’ नामक देश की सबसे लंबी मालगाड़ी का सफल परिचालन भी किया गया।
कर्मचारी कल्याण के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। केंद्रीय कर्मचारी कल्याण निधि के तहत 739 छात्राओं को 1.33 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति और आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटियों को साइकिल प्रदान की गई है।
समारोह में दानापुर, पं. दीनदयाल उपाध्याय, धनबाद, समस्तीपुर और सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधकों सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, यूनियन प्रतिनिधि और रेलकर्मियों के परिवारजन उपस्थित रहे।

