गया-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22304) पर पत्थरबाजी करने के मामले में आरपीएफ (रेसुब) धनबाद ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा है। इनमें दो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जबकि एक किशोर को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
घटना 28 मार्च 2026 की शाम करीब 7:30 बजे की है, जब डोकरा हॉल्ट के पास से गुजर रही वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच C2 पर अज्ञात लोगों ने पत्थर फेंके। इस घटना में सीट संख्या 53-54 और 73-74 के पास की खिड़कियों के शीशे क्रैक हो गए। हालांकि, किसी यात्री को चोट नहीं आई।
सूचना मिलते ही आरपीएफ धनबाद की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। गश्ती के दौरान डोकरा हॉल्ट के पास तीन युवक संदिग्ध हालत में बैठे मिले, जो पुलिस को देखते ही भागने लगे। जवानों ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम उत्तम कुमार, रवि कुमार बाउरी और ओम कुमार भुईयाँ बताया। तीनों लोदना क्षेत्र के रहने वाले हैं और मजदूरी का काम करते हैं। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे की हालत में ट्रेनों पर पत्थरबाजी करते थे और इसी दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस को निशाना बनाया।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने यह भी कबूल किया कि 22 जनवरी को शक्तिपुंज एक्सप्रेस पर भी उन्होंने पत्थर फेंके थे।
आरपीएफ ने मौके से बीयर कैन, प्लास्टिक गिलास, माचिस और सिगरेट भी बरामद किए हैं। इस संबंध में रेलवे एक्ट की धारा 153 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में धनबाद मंडल कारा भेज दिया गया है, जबकि किशोर को बाल सुधार गृह में रखा गया है। रेलवे अधिकारियों ने इस तरह की घटनाओं को गंभीर अपराध बताते हुए लोगों से सतर्क रहने और ऐसी हरकतों से दूर रहने की अपील की है।

