बराकर में अभिजीत घटक की बैठक, व्यापारियों से संवाद कर विकास और रोजगार पर साधा भाजपा पर निशाना

KK Sagar
2 Min Read

कुल्टी में ठप विकास कार्यों और बेरोजगारी को लेकर उठाए सवाल, समाधान का दिया आश्वासन

आसनसोल। बराकर स्थित अग्रसेन भवन में सोमवार को टीएमसी प्रत्याशी अभिजीत घटक ने बराकर चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ एक अहम बैठक की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित व्यापारियों को संबोधित करते हुए कुल्टी क्षेत्र में ठप पड़े विकास कार्यों और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला।

अभिजीत घटक ने कहा कि क्षेत्र में विकास की रफ्तार पूरी तरह थम गई है और युवाओं के सामने रोजगार का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के जनप्रतिनिधि जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं, जिससे आम नागरिकों और व्यापारियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बैठक के दौरान बराकर चैंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों ने भी अपनी समस्याओं को खुलकर रखा। व्यापारियों ने बुनियादी सुविधाओं की कमी, व्यापारिक बाधाओं और प्रशासनिक जटिलताओं को लेकर चिंता जताई।

इन मुद्दों पर अभिजीत घटक ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और आम जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

इस अवसर पर चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शिवकुमार अग्रवाल, कैलाश अग्रवाल सहित कई प्रमुख सदस्य एवं स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....