शीतला माता मंदिर भगदड़ मामलाः 4 पुजारी गिरफ्तार, 20 लोगों के खिलाफ एफआईआर

Reena Sharma
2 Min Read

नालंदा में मंगलवार को शीतला माता मंदिर में भगदड़ में 8 लोगों की मौत हो गई। इस मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में चार पुजारियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दीपनगर थाना में कुल 40 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें 20 नामजद और 20 अज्ञात शामिल हैं।

4 पुजारी गिरफ्तार

नालंदा जिले के मधडा स्थित शीतला मंदिर में मची भीषण भगदड़ में 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 पुजारियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिन पुजारियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है उनके नाम निरंजन कुमार, अनुज पांडेय, मिथिलेश पंडित और विवेकानंद है। आरोप है कि पुजारी पैसे लेकर लोगों को दर्शन कराने में लग गए थे। इसी के चलते भीड़ बढ़ी और ये भयानक हादसा हो गया।

Advertisement

20 नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी

घटना के बाद हरकत में आए प्रशासन ने जांच शुरू की। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। कुछ लोगों पर पैसे लेकर लाइन से हटाकर दर्शन कराने का भी आरोप लगा है, जिससे अचानक भीड़ का दबाव बढ़ा और भगदड़ की स्थिति बनी। जिसके बाद दीपनगर थाना में 20 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

5 पुलिसकर्मी सस्पेंड

इसके साथ ही दीपनगर थानाध्यक्ष समेत 5 पुलिसकर्मियों को भी सस्पेंड किया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने मंदिर प्रबंधन और प्रशासन की लापरवाही को इस हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया है। लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी भीड़ के बावजूद सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे।

Share This Article