धनबाद: राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना’ के तहत गुड फ्राइडे के अवसर पर जिले की 3 लाख 52 हजार 326 महिलाओं को मार्च 2026 की 2500 रुपये की सम्मान राशि सीधे उनके बैंक खातों में आधार-बेस्ड भुगतान के माध्यम से हस्तांतरित की गई।
इस संबंध में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने जानकारी देते हुए बताया कि लाभुकों के खातों में कुल 88 करोड़ 08 लाख 15 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि योजना के तहत जनवरी और फरवरी माह की राशि का भुगतान भी पूर्व में होली के अवसर पर किया जा चुका है।
प्रखंड से शहर तक पहुंची योजना, हर वर्ग की महिलाओं को मिला लाभ
जिले के सभी प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में इस योजना का व्यापक लाभ देखने को मिला है। बाघमारा, बलियापुर, धनबाद, एग्यारकुण्ड, गोविंदपुर, झरिया, कलियासोल, निरसा, पूर्वी टुण्डी, पुटकी, तोपचांची और टुण्डी समेत विभिन्न क्षेत्रों की लाखों महिलाओं के खातों में यह राशि सफलतापूर्वक पहुंची है।
जिला प्रशासन ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इस योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है और उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

