पटना एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से 3 जिंदा कारतूस बरामद, दिल्ली जा रहा सैयद मोहसिन धराया

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार की राजधानी में स्थित जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के हैंड बैग से जिंदा कारतूस बरामद हुए। हवाई अड्डे पर तैनात सीआईएसएफ के जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध यात्री को पकड़ लिया और उसे स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया है। उसकी पहचान सैयद मोहसिन अली के रूप में हुई है।

सुरक्षा जांच में तीन गोलियां बरामद

जानकारी के अनुसार, यात्री पटना से दिल्ली जा रहा था। इसी दौरान सीआईएसएफ (CISF) के जवानों ने जब उसके बैग की स्कैनिंग की, तो उसमें संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। जांच करने पर तीन गोलियां बरामद की गईं। जिसके बाद मौजूद सुरक्षा अधिकारियों ने तुरंत यात्री को हिरासत में ले लिया।

दिल्ली जाने की तैयारी में था यात्री

यात्री की पहचान सैयद मोहसिन अली के रूप में हुई है, जो फुलवारी शरीफ का रहने वाला बताया जा रहा है। वह एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1892 से दिल्ली जाने वाला था। यात्री विमान पकड़ने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था और अपना सामान चेक करा रहा था। करीब 9:40 बजे जैसे ही उसका बैग एक्स रे मशीन से गुजरा, सुरक्षाकर्मियों को स्क्रीन पर संदिग्ध चीज दिखाई दी। जब बैग को खोलकर सघन तलाशी ली गई, तो उसके भीतर से तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। 

कोई बड़ी साजिश तो नहीं ?

पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यात्री के पास ये कारतूस कैसे पहुंचे। फिलहाल उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने यात्री और बरामद कारतूस को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, यह एंगल भी खंगाला जा रहा है कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं।

एयरपोर्ट तक कैसे पहुंचा कारतूस?

आरोपी ने अपने बयान में बताया है कि वह अपने भाई, भाभी और एक कंपाउंडर के साथ दिल्ली आ रहा था। शख्स का दावा है कि उसके भाई को नोएडा के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराना था। सिक्योरिटी चेक के बाद वह अपने भाई के साथ एक नंबर गेट पर था। तभी भाभी का फोन आया कि सिक्योरिटी चेक में उसके बैग से कारतूस निकला है। उसने आगे कहा, ‘मैं दौड़कर गेट नंबर 11 पर पहुंचा। मेरे सामने लॉक बैग की चेन खोली गई, जिसमें 3 कारतूस निकले। ये कारतूस कहां से आए, इसकी जानकारी मुझे कोई नहीं है।’

Share This Article