रामगढ़ जिले के भूरकुंडा-पतरातू क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ कार्रवाई के तहत गठित एसआईटी टीम को बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गिरोह का सक्रिय सदस्य सनी सिंह भूरकुंडा क्षेत्र में घूम रहा है और अपने साथियों के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर एसआईटी टीम ने भूरकुंडा और पतरातू इलाके में सघन छापेमारी शुरू की।
इसी दौरान भूरकुंडा स्थित दुमुहाना मंदिर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति के होने की सूचना मिली। पुलिस टीम जब वहां पहुंची तो आरोपी ने पुलिस वाहन को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। गोली थाना प्रभारी पतरातू की गाड़ी के शीशे और बंपर में लगी, हालांकि वे बाल-बाल बच गए।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें आरोपी सनी सिंह के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पूछताछ में उसने अपनी पहचान सनी सिंह, निवासी ग्राम रैलीगढ़ा के रूप में बताई।
घायल आरोपी को मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद तुरंत सीसीएल अस्पताल, भूरकुंडा भेजा गया। घटनास्थल से पुलिस ने दो देसी पिस्तौल, एक मोबाइल फोन और एक लेदर बैग बरामद किया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

