बंगाल विधानसभा चुनाव: महिलाओं को ₹3000 मासिक सहायता, घुसपैठ पर ‘जीरो टॉलरेंस’—BJP का बड़ा संकल्प पत्र

KK Sagar
3 Min Read

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah की मौजूदगी में जारी इस घोषणापत्र में कानून व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, रोजगार और विकास पर विशेष जोर दिया गया है।

भाजपा ने साफ कहा है कि राज्य में घुसपैठ के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। इसके तहत “डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट” नीति लागू कर अवैध घुसपैठियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गौ तस्करी पर भी कड़े कदम उठाने का वादा किया गया है।

महिलाओं के लिए पार्टी ने बड़ा ऐलान करते हुए हर महीने ₹3000 की आर्थिक सहायता देने की बात कही है। इसके अलावा महिलाओं के लिए HPV वैक्सीन, कैंसर स्क्रीनिंग और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने की योजनाएं भी शामिल हैं।

सरकारी कर्मचारियों के लिए डीए (महंगाई भत्ता) तय करने और सरकार बनने के 80 दिनों के भीतर सातवां वेतन आयोग लागू करने का वादा किया गया है। स्वास्थ्य क्षेत्र में Ayushman Bharat Yojana को राज्य में लागू करने की घोषणा की गई है, ताकि लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिल सके।

भाजपा ने वादा किया है कि केंद्र सरकार की सभी प्रमुख योजनाओं को पश्चिम बंगाल में लागू किया जाएगा। इसके साथ ही 6 महीने के भीतर समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने का भी ऐलान किया गया है।

रोजगार के मोर्चे पर पार्टी ने 1 करोड़ नौकरियां देने का लक्ष्य रखा है। उद्योग और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए दार्जिलिंग चाय के लिए विशेष समिति, जूट उद्योग के आधुनिकीकरण और उत्तर बंगाल में AIIMS, IIT, IIM व फैशन डिजाइनिंग सेंटर खोलने की बात कही गई है।

सांस्कृतिक स्तर पर “वंदे मातरम” म्यूजियम बनाने का भी वादा किया गया है। भाजपा का कहना है कि यह संकल्प पत्र बंगाल के समग्र विकास और जनता की समस्याओं के समाधान को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 294 सीटों के लिए दो चरणों में मतदान होगा, जबकि चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। अब देखना दिलचस्प होगा कि जनता भाजपा के इन वादों पर कितना भरोसा जताती है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....