देश में पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव को लेकर देश का सियासी पारा हाई है। आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर जारी है। हालांकि इसी बीच संसद परिसर से एक खास तस्वीर सामने आई। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस सांसद सह लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अचानक आमने-सामने आ गए। तीखी बयानबाजी के बीच संवाद की झलक देखी गई।
पीएम मोदी और राहुल गांधी की मुलाकात
महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती है। इस मौके पर संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर खास आयोजन रखा गया। इसी मौके पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसद और लोकसभा स्पीकर समेत सियासी दिग्गज पहुंचे थे। इसी समारोह में शामिल होने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की मुलाकात हुई।
दोनों नेता आपस में बातचीत करते नजर आए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए संसद परिसर में प्रेरणा स्थल पहुंचे। संसद परिसर के प्रेरणा स्थल पर पहले से मौजूद राहुल गांधी सहित कई नेता वहां खड़े थे। जैसे ही प्रधानमंत्री वहां पहुंचे, उन्होंने सभी से मुलाकात की और फिर राहुल गांधी के सामने कुछ सेकंड के लिए रुक गए। इसके बाद दोनों के बीच हल्की बातचीत हुई।

