राजधानी दिल्ली में ‘संसद चलो’ मार्च को लेकर सोमवार को माहौल गरमा गया। सीजेपी और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की अपील पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पहुंचे। इस दौरान ‘संसद मार्च’ ने उग्र रूप ले लिया। सीजेपी के ‘संसद चलो’ आह्वान पर कई लोग संसद भवन मार्ग तक पहुंच गए हैं। ऐसे में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और जामकर लाठियां भी बरसाईं हैं।
पुलिस ने सीजेपी का प्रदर्शन स्थल खाली कराया
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, संसद के मानसून सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने के बीच पुलिस ने सीजेपी के प्रदर्शन स्थल को खाली करा दिया। जंतर-मंतर पर लगाए गए मंच और धरना स्थल को हटाते हुए प्रदर्शनकारियों को वहां से जाने के लिए कहा गया। पुलिस का कहना था कि कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई, जबकि प्रदर्शनकारियों ने इसे अपनी लोकतांत्रिक आवाज दबाने की कोशिश बताया।
संसद में घुसने की कोशिश के दौरान बढ़ा बवाल
सोमवार सुबह 8 बजे से शुरू हुए प्रदर्शन में मामला तब बढ़ गया, जब आंदोलनकारी सुबह 10 बजे बैरिकेड तोड़कर पार्लियामेंट की तरफ बढ़े। पार्लियामेंट स्ट्रीट के पास प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज की। इसके बाद प्रदर्शनकारी संसद भवन के करीब पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने संसद में घुसने की कोशिश की। इसे देखते हुए संसद की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मेन गेट को बंद कर दिया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। इसके बाद भीड़ तितर-बितर हो गई। जब बाहर ये हंगामा चल रहा था उस वक्त पीएम समेत सभी सांसद संसद में मौजूद थे।
बवाल के बीच जेपी नड्डा से मिले सीजेपी नेता
इसी बीच सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। मुलाकात के बाद सौरभ दास ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि केंद्रीय मंत्री से क्या बात हुई। उन्होंने लिखा कि 2 घंटे से ज्यादा इंतजार करने के बाद आशुतोष रांका और मैंने अभी जेपी नड्डा से उनके घर पर मुलाकात की। यह महज 10 मिनट चली। हमने मांगों को लेकर नड्डा को एक लेटर सौंपा है। उन्होंने हमें भरोसा दिया कि आंतरिक रूप से चर्चा करेंगे। हम उस प्रक्रिया में हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि बहुत से प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने की भी खबर है।
सरकार के सामने रखीं ये 3 बड़ी मांगें
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के आवास पर हुई बैठक में कॉकरोच जनता पार्टी ने सरकार के सामने प्रमुखता से तीन बड़ी मांगें रखीं। प्रतिनिधिमंडल ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की तुरंत रिहाई, कथित नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का तत्काल इस्तीफा और आत्महत्या करने वाले सभी पीड़ित नीट अभ्यर्थियों के परिवारों को 1-1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की है। इन मांगों पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने शीर्ष नेतृत्व से चर्चा करने के लिए कुछ समय मांगा है।

