रानीगंज: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। राजस्थान के खंडार से विधायक एवं आसनसोल जिला प्रभारी जितेंद्र गोठवाल ने भाजपा प्रत्याशी डॉ. पार्थो दास के समर्थन में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया।
इस दौरान जितेंद्र गोठवाल ने कहा कि यह जनसंपर्क अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है, जिसमें हर वर्ग के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं, जिससे उन्हें भारी उत्साह, समर्थन और विश्वास मिल रहा है।
गोठवाल ने कहा कि पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल तेजी से बदल रहा है और हर गली-मोहल्ले में एक ही नारा गूंज रहा है — “पलटनो दरकार, चायी बीजेपी सरकार!” — जो बदलाव की स्पष्ट इच्छा को दर्शाता है।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा प्रत्याशी डॉ. पार्थो दास के पक्ष में जनता का जबरदस्त रुझान दिखाई दे रहा है और स्थानीय लोगों ने उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया है।
जितेंद्र गोठवाल ने कहा कि जनता का यह समर्थन इस बात का संकेत है कि रानीगंज अब विकास, सुरक्षा और पारदर्शी शासन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता का यह उत्साह भाजपा के मनोबल को नई ऊंचाई दे रहा है और इस बार क्षेत्र में बदलाव की लहर निर्णायक साबित हो सकती है।

