नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक 14 अप्रैल को, उसी दिन मुख्यमंत्री पद से हो सकता है इस्तीफा

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर जारी सियासी हलचल के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे की चर्चा तेज हो गई है। इस बीच खबर आ रही है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कैबिनेट की आखिरी बैठक 14 अप्रैल को बुलाई गई है। जिसे मौजूदा सरकार की अंतिम कैबिनेट मीटिंग माना जा रहा है।

कैबिनेट की बैठक को लेकर नोटिफिकेशन जारी

मंत्रिमंडल सचिवालय ने नीतीश कैबिनेट की बैठक को लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। मंगलवार को सुबह 11 बजे नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक होगी। जानकारी के मुताबिक, कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद वे कैबिनेट की बैठक में शामिल होंगे।

कैबिनेट बैठक के बाद इस्तीफे की संभावना

सूत्रों की मानें तो इस अहम बैठक के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 14 तारीख को कैबिनेट बैठक के बाद सीएम पद से रिजाइन दे देंगे। उसके ठीक अगले दिन यानी 15 अप्रैल को नए मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया जा सकता है।

अगले सीएम के नाम पर सस्पेंस

बिहार के मुख्यमंत्री की रेस में सबसे आगे सम्राट चौधरी का नाम चल रहा है। कई बार जनसभाओं को दौरान नीतीश कुमार सम्राट की तारीफ करते नजर आए हैं। तो वहीं, बीजेपी ने इस बार बहुमत आते ही गृहविभाग नीतीश के हाथों से सम्राट को सौंप दिया था। कयास लगाए जा रहे हैं कि सम्राट ही बिहार के अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं। हालांकि, बीजेपी अन्य राज्यों की तरह चौंकाने वाला फैसला भी ले सकती है। सम्राट के अलावा, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, वरिष्ठ नेता विजय सिन्हा और पूर्व डिप्टी सीएम रेणु देवी भी इस दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं।

Share This Article