नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य की शपथ लेने के बाद बिहार में नए मुख्यमंत्री को लेकर कवायद तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने विधायक दल का नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बिहार के ऑब्जर्वर नियुक्त किया है। अब बिहार के सीएम का चुनाव शिवराज सिंह चौहान करेंगे।
शिवराज सिंह चौहान को अहम जिम्मेदारी
बिहार में नया सीएम बीजेपी का होगा, इसके लिए अभी नाम की चर्चा चल ही रही थी कि भारतीय जनता पार्टी ने चौंकाने वाला फैसला लिया। बीजेपी ने मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और अब केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को इसकी जिम्मेदारी सौंप दी है। बीजेपी के आलाकमान ने तय किया है कि बिहार का नया मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की देखरेख में चुना जाएगा।
कब होगी विधायक दल की बैठक?
बीजेपी महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी प्रेस रिलीज में यह जानकारी दी गई। हालांकि, अभी डेट तय नहीं है कि कब विधायक दल की बैठक होगी और कब नए सीएम का अनाउंसमेंट किया जाएगा। लेकिन जो जानकारी मिल रही है, उसके मुताबिक 14 अप्रैल को नीतीश कैबिनेट बैठक की आखिरी बैठक हो सकती है। इसके बाद नए सीएम पर फैसला लिया जाएगा।
सीएम हाउस में भाजपा-जदयू विधायकों की बैठक
बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली है। जल्द ही वे सीएम पद छोड़ने वाले हैं। जिसके बाद बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर तैयारियां तेज हैं। सीएम हाउस में इस बाबत आज भाजपा और जदयू के विधायकों की बैठक भी बुलाई गई है।

