जनता दल यूनाईटेड (जेडीयू) के बाहुबली विधायक अमरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू पांडेय की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गोपालगंज में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गोपालगंज पुलिस ने भारी फोर्स के साथ जदयू विधायक अमरेंद्र पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय के घर पर छापा मारा है। इस पूरे ऑपरेशन को जिले के एसपी विनय तिवारी खुद लीड कर रहे हैं। ये कार्रवाई गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद की गई है।
विधायक के अलग-अलग ठिकानों पर रेड
गोपालगंज को कुचायकोट से जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय, उनके बड़े भाई सतीश पांडेय और उनके करीबी चार्टर्ड अकाउंटेंट राहुल तिवारी के खिलाफ कोर्ट से जारी गिरफ्तारी वारंट के बाद जिला पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है।सोमवार की अहले सुबह एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर भारी संख्या में पुलिस बल ने विधायक के अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।
वारंट जारी होने के बाद से हैं फरार
पुलिस टीमों ने हथुआ थाना क्षेत्र के तुलसिया गांव स्थित पैतृक आवास, हथुआ स्थित निजी आवास और पेट्रोल पंप पर सघन तलाशी ली। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि घंटों चली छापेमारी के बावजूद पुलिस को कोई भी आरोपी हाथ नहीं लगा। बताया जा रहा है कि वारंट की जानकारी मिलते ही सभी आरोपी फरार हो गए।
क्या है मामला
यह मामला मुख्य रूप से फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ा है। 1 अप्रैल को मीरगंज निवासी जितेंद्र कुमार राय ने कुचायकोट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि बेलवा गांव में स्थित किरण सिन्हा की 16 एकड़ 93 डिसमिल जमीन पर विधायक के गुर्गों ने पांच कमरों का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया। इस दौरान जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की गई। पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनकी पूछताछ में इस पूरी साजिश के पीछे पप्पू पांडेय और उनके भाई सतीश पांडेय का नाम सामने आया।
सत्ताधारी दल के विधायक पर कार्रवाई से हड़कंप
एसपी विनय तिवारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जिले में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या भू-माफियाओं को संरक्षण देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है और जल्द ही सभी को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा। इस पूरे घटनाक्रम के बाद जिले की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। एक सत्ताधारी दल के विधायक पर इस तरह की कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

