बदलेगा कौशल, बढ़ेगा गौरव: उपायुक्त ने बीसीओ और एलडीएम के साथ बनाई नई रणनीति

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI), कदमा, पूर्वी सिंहभूम में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी द्वारा विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रगति की समीक्षा बैठक की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य कौशल विकास कार्यक्रमों की गुणवत्ता में सुधार व वित्तीय समावेशन को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करना रहा। उपायुक्त ने समीक्षा के दौरान निर्देश दिया कि आरसेटी के प्रशिक्षण कार्यक्रम के परिणाम स्पष्ट रूप से धरातल में दिखाई दें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षणार्थियों से नियमित फीडबैक लेकर पाठ्यक्रम व प्रशिक्षण पद्धति में आवश्यक सुधार किए जाएं, ताकि उन्हें बेहतर कौशल व रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।

इस दौरान उपायुक्त ने ब्यूटीशियन कोर्स की नई बैच से संवाद करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से प्राप्त कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ें और अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएं। साथ ही, पूर्व में प्रशिक्षण प्राप्त कर सफल हुए अभ्यर्थियों से भी बातचीत की, जिन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि आरसेटी प्रशिक्षण ने उनके जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार किया है। उपायुक्त ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाएं युवाओं व महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से अपील की कि वे इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें, लाभ उठाएं और अन्य लोगों को भी इससे जुड़ने के लिए प्रेरित करें। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

वित्तीय समावेशन की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने बैंकिंग संवाददाताओं को निर्देशित किया कि वे केवल शिविर आयोजन तक सीमित न रहें, बल्कि खातों की सक्रियता, ऋण उपलब्धता व योजनाओं के वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ठोस उपलब्धियां ही वित्तीय समावेशन के वास्तविक उद्देश्य को पूरा करेंगी। बैठक में जिला में कौशल विकास व वित्तीय सशक्तिकरण को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया। मौके पर अजीत कांत, उप अंचल प्रबंधक, बैंक ऑफ इंडिया, जमशेदपुर, संजीव कुमार चौधरी, एलडीएम, पूर्वी सिंहभूम, जास्मिका बास्के, डीडीएम, नाबार्ड, सुजीत बारी, डीपीएम, जेएसएलपीएस, बिबेक बिरुआ, डीएओ, पूर्वी सिंहभूम, समरजीत मंडल, डीएएचओ, पूर्वी सिंहभूम और देवेंद्र नाथ हेंब्रम, निदेशक, आरसेटी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article