नीतीश कुमार कैबिनेट की आखिरी तस्वीर, मंत्री से लेकर कर्मचारी तक दिखे भावुक

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार की सत्ता पर पिछले दो दशकों से काबिज नीतीश कुमार आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले हैं। राज्यसभा सांसद बनने के बाद उन्होंने सीएम पद से इस्तीफा देने का फैसला लिया है। इससे पहले उन्होंने अपनी अंतिम कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में उन्होंने साथी मंत्रियों और अधिकारियों को सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापन दिया।

मंत्रियों के अलावा अफसरों के साथ ग्रुप फोटोग्राफी

नीतीश कुमार ने मंगलवार के दिन अपनी सरकार की कैबिनेट की आखिरी बैठक की। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, सम्राट चौधरी, विजय कुमार चौधरी समेत तमाम मंत्री मौजूद थे। अपनी कैबिनेट के आखिरी दिन सीएम नीतीश कुमार ने न सिर्फ मंत्रियों बल्कि अफसरों के साथ भी ग्रुप फोटोग्राफी कराई। 

सीएम नीतीश की विदाई वाली तस्वीर

बैठक के बाद जब मुख्यमंत्री मुख्य सचिवालय से प्रस्थान कर रहे थे, तब उन्होंने पोर्टिको में उपस्थित तमाम मंत्रियों और अधिकारियों का अभिवादन स्वीकार किया और हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।इस दौरान जो तस्वीर सामने आई है, वह बेहद भावुत कर देने वाली है। तमाम लोग भावुक नजर आए। लेकिन मुख्यमंत्री संयमित और सहज नजर आए।

3 बजे के बाद देंगे इस्तीफा

नीतीश कुमार आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। वह दोपहर 3 बजे के बाद लोक भवन जाकर राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मिलकर त्यागपत्र सौंप देंगे। उसके बाद नई सरकार के लिए प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नीतीश के इस्तीफे के बाद शाम तक नए मुख्यमंत्री की घोषणा हो सकती है। पहले भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल की बैठक होगी, जहां नेता का चयन होगा। उसके बाद एनडीए विधानमंडल दल की मीटिंग में उस नाम पर औपचारिक मुहर लगेगी।

Share This Article