धनबाद। यात्रियों में नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए धनबाद मंडल ने बड़ा कदम उठाते हुए टिकट चेकिंग अभियान को तेज कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को रेलवे मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में धनबाद स्टेशन पर सघन जांच अभियान चलाया गया, जिससे पूरे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया।
🔴 69 यात्री पकड़ाए, कई तरह की अनियमितताएं उजागर
इस विशेष अभियान के दौरान कुल 69 यात्रियों को पकड़ा गया। इनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, गलत श्रेणी में सफर कर रहे यात्री और बिना बुक किए सामान के साथ यात्रा करने वाले लोग शामिल थे। जांच में कई यात्री नियमों की अनदेखी करते हुए पाए गए।
🔴 मौके पर वसूला गया ₹20,625 जुर्माना
रेलवे की टीम ने कार्रवाई करते हुए पकड़े गए यात्रियों से मौके पर ही ₹20,625 की जुर्माना राशि वसूली। साथ ही सभी को कड़ी चेतावनी दी गई कि आगे से नियमों का उल्लंघन न करें और वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें।
🔴 ट्रेनों और स्टेशनों पर भी चला अभियान
सिर्फ स्टेशन ही नहीं, बल्कि चेकिंग टीमों ने विभिन्न मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी अभियान चलाया। हर स्तर पर निगरानी बढ़ाकर यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करने की कोशिश की गई।
🔴 टिकट काउंटरों पर उमड़ी भीड़
अभियान के दौरान स्टेशन के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। इससे साफ संकेत मिलता है कि सख्ती के बाद यात्री टिकट लेने के प्रति गंभीर हो रहे हैं।

