​IAS राजीव रंजन ने संभाली जमशेदपुर की कमान, जिले के विकास को नई रफ्तार देने का लिया संकल्प

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्कजमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन में आज नेतृत्व परिवर्तन हो गया। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2013 बैच के अनुभवी अधिकारी राजीव रंजन ने जिले के नए उपायुक्त के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया है। समाहरणालय में आयोजित एक सादे समारोह में निवर्तमान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने उन्हें कार्यभार सौंपा और पुष्पगुच्छ भेंट कर उज्जवल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी।

​अंतिम व्यक्ति तक योजना पहुंचाना लक्ष्य

​पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए नए उपायुक्त राजीव रंजन ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दीं। उन्होंने कहा की मेरी पहली प्राथमिकता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारना है। हमारा प्रयास रहेगा कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुंचे। टीम वर्क के जरिए हम जिले के विकास को एक नई गति और दिशा देंगे।

​कर्ण सत्यार्थी ने जताया आभार

​निवर्तमान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने अपने विदाई संबोधन में जिले के निवासियों और प्रशासनिक टीम के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान विकास कार्यो में अधिकारियों, कर्मचारियों, मीडिया और आम जनता का भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने नए DC के नेतृत्व में जिले की प्रगति को लेकर पूरा भरोसा जताया।

​स्वागत में जुटे प्रशासनिक अधिकारी

​इस मौके पर जिले के विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारियों ने नए उपायुक्त का गर्मजोशी से स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के बाद राजीव रंजन ने अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और जिले की वर्तमान स्थिति और चल रही परियोजनाओं की संक्षिप्त जानकारी ली।

Share This Article