मौसम : उत्तर भारत से लेकर मध्य और पूर्वी इलाकों तक तापमान 45°C के करीब, बिहार-झारखंड समेत कई राज्यों में मौसम बदलने के संकेत

KK Sagar
2 Min Read

देशभर में मौसम ने दोहरी मार शुरू कर दी है। एक तरफ उत्तर भारत, मध्य भारत और पश्चिमी हिस्सों में भीषण गर्मी और लू लोगों को झुलसा रही है, वहीं दूसरी ओर कई राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं। उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई इलाकों में 23 अप्रैल तक हीटवेव (लू) का असर बना रहेगा।

मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ जैसे राज्यों में लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी दिल्ली में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

पिछले 24 घंटों में कई राज्यों में तापमान 40°C से 45°C के बीच दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान 45.0°C छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव और विदर्भ के वर्धा में रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पंजाब के लुधियाना में न्यूनतम तापमान 19°C दर्ज किया गया, जो मैदानी इलाकों में सबसे कम रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं पूर्वी भारत में भी 20-21 अप्रैल के दौरान तापमान 2-3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है।

हालांकि राहत की खबर भी है। 20 अप्रैल को झारखंड, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इसके अलावा 20 से 30 अप्रैल के बीच नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। बिहार में 23 अप्रैल को गरज के साथ बारिश और 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी दी गई है।

दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों—छत्तीसगढ़, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल—में भी 23 अप्रैल तक हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....