धनबाद: कोयला चोरी और अवैध खनन के खिलाफ अब सख्ती साफ नजर आने लगी है। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के सीएमडी और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के डीआईजी के बीच हाल ही में हुई अहम बैठक के बाद कार्रवाई तेज कर दी गई है। बैठक में खदानों की सुरक्षा मजबूत करने और आपसी समन्वय बढ़ाने पर सहमति बनी थी।
इसी कड़ी में गोनूडीह ओपी क्षेत्र के एरिया-6 में सीआईएसएफ की टीम ने छापेमारी कर 17 टन अवैध कोयला जब्त किया। वहीं एरिया-11 भौंरा में कोयला लदे एक वाहन को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। इसके अलावा ब्लॉक-2 क्षेत्र में खेमका क्रशर के पास एक बाइक पर लदा कोयला भी जब्त कर संबंधित थाने को सौंपा गया।
हालिया कार्रवाई से साफ संकेत मिल रहा है कि बीसीसीएल प्रबंधन और सीआईएसएफ अब कोयला माफिया के खिलाफ सख्त रुख अपना चुके हैं। दोनों संस्थाओं ने संयुक्त अभियान चलाकर अवैध खनन और तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाने का निर्णय लिया है।
स्थानीय पुलिस ने भी इन मामलों में जांच शुरू कर दी है। बीसीसीएल अधिकारियों का कहना है कि खदानों की सुरक्षा और राष्ट्रीय संपत्ति की रक्षा के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
गौरतलब है कि कोयला चोरी से जहां सरकारी राजस्व को भारी नुकसान होता है, वहीं खदान क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की स्थिति भी प्रभावित होती है। ऐसे में इस सख्ती से कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

