बराकर में गरजे केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी, बोले— विकास और सुरक्षा के लिए भाजपा को दें पूर्ण बहुमत

KK Sagar
2 Min Read

बराकर। केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी सोमवार को कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के बराकर हनुमान चढ़ाई स्थित एक निजी मैरेज हॉल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी डॉ. अजय कुमार पोद्दार सहित स्थानीय पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कुल्टी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अजय कुमार पोद्दार के समर्थन में जोरदार अपील की। अपने भाषण में उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य को सुरक्षित और मजबूत बनाने के लिए इस बार भाजपा को पूर्ण बहुमत देना जरूरी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार घुसपैठियों को संरक्षण देकर उन्हें पहचान पत्र और सरकारी सुविधाएं दे रही है, जिससे सामाजिक और आर्थिक संतुलन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने जनता से अपील की कि इस स्थिति को बदलने के लिए निर्णायक कदम उठाएं।

केंद्रीय मंत्री रेड्डी ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर क्षेत्र में विकास को नई रफ्तार मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और व्यापार-उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही उन्होंने वर्तमान सरकार पर महिला विरोधी होने और सांस्कृतिक मूल्यों की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया।

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि कुल्टी विधानसभा से डॉ. अजय कुमार पोद्दार को भारी मतों से विजयी बनाकर विधानसभा भेजें, ताकि राज्य के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की नींव रखी जा सके।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....