नीतीश कुमार चुनेंगे जदयू विधायक दल का नेता, पार्टी की बैठक में नहीं हो सका फैसला

Neelam
By Neelam
3 Min Read

राजधानी पटना में मुख्यमंत्री आवास एक अणे मार्ग में चल रही जनता दल यूनाइडेट विधायक दल की बैठक खत्म हो गई है। राज्यसभा सांसद और पार्टी के अध्यक्ष नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में विधानमंडल दल का नेता चुना जाना था लेकिन नेता का चुनाव नहीं हो सका। हालांकि, विधायक दल की बैठक में बड़ा फैसला लिया गया। पार्टी ने सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को विधायक दल का नया नेता चुनने के लिए अधिकृत कर दिया है।

विधायक दल का नेता चुनने के लिए नीतीश अधिकृत

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री राजसभा सांसद नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बैठक समाप्त होने के बाद जदयू प्रवक्ता सह विधान पार्षद नीरज कुमार ने बताया विधायक दल की बैठक में सभी विधायकों ने यह फैसला लिया है कि नीतीश कुमार विधायक दल का नेता चुनेंगे, इस पद के लिए उनको अधिकृत किया गया है।

फिर करेंगे पूरे बिहार का दौरा

वहीं, बैठक के बाद नीतीश कुमार ने भरोसा दिलाया कि वे पूरे बिहार का दौरा करेंगे और कार्यकर्ताओं व जनता से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में वे राज्य के विभिन्न हिस्सों में जाकर संगठन को मजबूत करेंगे और जमीनी हालात का आकलन करेंगे। वहीं, नीतीश कुमार ने भरोसा दिलाया कि पार्टी के भीतर सब कुछ सामान्य है और किसी तरह की चिंता की जरूरत नहीं है।

बिहार में 20 साल लंबे नीतीश युग” का अंत

बता दें कि नीतीश कुमार अब राज्यसभा के सदस्य बन चुके हैं। उन्होंने 16 मार्च को हुए चुनाव में जीत दर्ज की और 10 अप्रैल को शपथ ली। 14 अप्रैल को मंत्रिमंडल की बैठक के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस बदलाव के साथ ही बिहार की राजनीति में करीब 20 साल लंबे नीतीश युग का अंत हो गया है। 

जेडीयू विधानमंडल दल के नेता का पद खाली

नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद से जेडीयू विधानमंडल दल के नेता का पद खाली पड़ा है। विधानमंडल दल के नेता का चुनाव करने के लिए ही नीतीश कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को विधायक दल की बैठक बुलाई गई थी लेकिन बैठक में नेता का चुनाव नहीं हो सका और विधायकों ने इसके लिए नीतीश कुमार को अधिकृत कर दिया।

Share This Article