झारखंड के इन 6 जिलों की बदलेगी सूरत, रांची की तर्ज पर बसेंगे ‘सैटेलाइट टाउनशिप’, ज़मीन की तलाश शुरू

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: झारखंड सरकार प्रदेश में शहरीकरण को एक नई दिशा देने की तैयारी में है। राज्य के प्रमुख जिलों में अब राजधानी रांची की तर्ज पर आधुनिक ‘सैटेलाइट टाउनशिप’ विकसित किए जाएंगे। नगर विकास व आवास विभाग ने इस महत्वाकांक्षी योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए कमर कस ली है।

इन जिलों में शुरू हुई ज़मीन की तलाश
​विभाग की ओर से सभी संबंधित जिला उपायुक्तों को पत्र लिखकर 300 से 500 एकड़ उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया गया है। फिलहाल इस योजना के पहले चरण के लिए चाईबासा, खूंटी, रामगढ़, गुमला, ​धनबाद, देवघर इन जिलों पर फोकस किया जा रहा है।

​’वर्क-लिव-प्ले’ कॉन्सेप्ट पर आधारित होगा शहर
​इन टाउनशिप की सबसे बड़ी खासियत इनका ‘वर्क-लिव-प्ले’ मॉडल है। इसका मतलब है कि एक ही परिसर के भीतर लोगों को रोजगार, आवास और मनोरंजन की तमाम आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

टाउनशिप की प्रमुख विशेषताएं
​स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर: चौड़ी सड़कें, व्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम और बेहतरीन पब्लिक ट्रांसपोर्ट।
​सब कुछ एक छत के नीचे: स्कूल, अस्पताल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और पार्क जैसी सुविधाएं परिसर में ही होंगी।
​पर्यावरण का ख्याल: टाउनशिप में ग्रीन एरिया (हरित क्षेत्र) और जल संरक्षण पर विशेष जोर दिया जाएगा।

बड़े शहरों का बोझ होगा कम, पैदा होंगे रोजगार
​इस पहल का मुख्य उद्देश्य बड़े शहरों पर बढ़ती जनसंख्या के दबाव को कम करना और अव्यवस्थित शहरी विस्तार को रोकना है। जिस तरह नवी मुंबई, गुरुग्राम और नोएडा जैसे शहर सफल सैटेलाइट टाउनशिप के रूप में उभरे हैं, झारखंड सरकार भी उसी मॉडल को अपना रही है। इससे न केवल स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

Share This Article