‘बिहार में बीजेपी के मुख्यमंत्री बनते ही अपराधियों की मौज’, पटना ज्वेलरी शॉप लूटकांड पर तेजस्वी का तंज

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों ने रविवार दोपहर को लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया। रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के धनजी कॉलोनी में श्री लक्ष्मी अलंकार ज्वेलर्स पर पांच अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की। रविवार दोपहर हुई इस वारदात में अपराधी दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे जिनमें तीन बदमाश दुकान के अंदर घुसे, जबकि दो बाहर निगरानी करते रहे। पटना में दिनदहाड़े हुई इस लूट ने एक बार फिर पुलिस प्रसासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट सरकार पर तंज कसा है।

सीएम सम्राट चौधरी पर साधा निशाना

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने लूट की इस बड़ी घटना के बाद सम्राट चौधरी पर निशाना साधा है। तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लूट की घटना का सीसीटीवी फुटेज शेयर करते हुए लिखा, बिहार में बीजेपी के मुख्यमंत्री बनते ही अपराधियों की मौज! अब नए नवेले मुख्यमंत्री जुबान से ही अपराध खत्म कर देंगे या फिर अपराधियों को खोजने से पूर्व उनकी जाति ढूंढेंगे, तदनुसार प्रतिकूल और अनुकूल बयान जारी किया जाएगा।

20 लाख से अधिक की लूट

बताया जा रहा है कि लूट की घटना को पांच बदमाशों ने अंजाम दिया है। वे सभी दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे। घटना के समय 3 बदमाश दुकान के अंदर ग्राहक व दुकानदार को बंधक बनाकर लूट कर रहे थे। वहीं, उसके दो साथी बाहर बाइक पर उनका इंतजार कर रहे थे। पीड़ित दुकानदार धनंजय कुमार ने बताया की अपराधी लगभग 100 ग्राम सोने के जेवरात और 3 किलो चांदी लेकर लूटकर फरार हुए हैं। बाजार में इनकी कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

ग्राहकों की मौजूदगी में लूटकांड

पीड़ित दुकानदार के अनुसार, घटना के समय दुकान में तीन ग्राहक मौजूद थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पांच अपराधी पहुंचे, जो हेलमेट पहने हुए थे। दुकान में प्रवेश करते ही उन्होंने सभी को गन पॉइंट पर लेकर एक कोने में बंधक बना लिया। अपराधियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से तिजोरी और काउंटर में रखे करीब 100 ग्राम सोने के जेवरात और 3 से 4 किलोग्राम चांदी के आभूषण समेट लिए। महज पांच में डकैती को अंजाम दिया।

छानबीन में जुटी पुलिस

वहीं, रामकृष्ण नगर थाने की पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हैं। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जब्त कर ली है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस ने दावा किया है कि अगले 24 घंटों के भीतर मामले का खुलासा कर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article