डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: शहर के सोनारी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां एक घर में चचेरे भाई की शादी की तैयारियां चल रही थीं और मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां अचानक मातम पसर गया। बी ब्लॉक कुम्हारपाड़ा निवासी 40 वर्षीय रूपा देवी ने सोमवार देर रात अपने ही घर में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली।
बांझपन का दंश और मानसिक तनाव
जानकारी के अनुसार रूपा देवी की शादी साल 2003 में अजय वर्मा के साथ हुई थी। शादी के 21 साल बीत जाने के बाद भी उन्हें संतान सुख प्राप्त नहीं हुआ था। बताया जा रहा है कि संतान न होने के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव से गुजर रही थी। रूपा सोनारी बाजार में कपड़े की दुकान चलाती थी, लेकिन निजी जीवन का यह खालीपन उन पर भारी पड़ गया।
पुलिस को मौके से एक भावुक सुसाइड नोट मिला है, जिसने हर किसी की आंखे नम कर दी। रूपा ने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया। उन्होंने सुसाइड नोट में लिखा ‘मैं किसी को सुख नहीं दे सकी, इसलिए यह कदम उठा रही हूं। इसमें घर के किसी भी सदस्य का कोई दोष नहीं है।’
दो दिन बाद थी भाई की शादी
इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। घर में रूपा के चचेरे भाई की शादी की रस्में चल रही थीं और ठीक दो दिन बाद बारात निकलनी थी। परिजनों को इस बात का आभास भी नहीं था कि खुशियों के इस माहौल के पीछे रूपा के मन में इतना बड़ा दर्द छिपा है। मंगलवार सुबह जब परिजनों ने उन्हें फंदे से लटका पाया, तो घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस आगे की जांच में जुटी है।

