दुर्गापुर। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के बीच बुधवार को दुर्गापुर स्थित डीसीआरसी केंद्र पर प्रशासनिक अव्यवस्था का मामला सामने आया, जिससे बड़ी संख्या में पहुंचे बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) में नाराजगी फैल गई।
चुनाव संबंधी नोटिस के तहत केंद्र पर पहुंचे कर्मचारियों को वहां पहुंचने के बाद बताया गया कि फिलहाल उनके लिए कोई कार्य निर्धारित नहीं है। इस स्थिति से आक्रोशित बीएलओ ने मौके पर ही विरोध जताया।
भीषण गर्मी में घंटों तक धूप में खड़े रहने और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर कर्मचारियों ने एसडीओ के समक्ष प्रदर्शन किया। बीएलओ का आरोप है कि उन्हें बिना किसी स्पष्ट कारण के बुलाकर अनावश्यक रूप से परेशान किया गया।
स्थिति बिगड़ते देख प्रशासन ने माइकिंग के माध्यम से अपनी गलती स्वीकार की और स्पष्ट किया कि कर्मचारियों को भूलवश बुला लिया गया था। इसके साथ ही सभी बीएलओ को तत्काल घर लौटने और गुरुवार सुबह सीधे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचने के निर्देश दिए गए।
इस घटना के बाद चुनावी व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं और कर्मचारियों में असंतोष का माहौल है। प्रशासनिक स्तर पर बेहतर समन्वय और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

