बिहार में ‘टेम्प्रेचर का टॉर्चर’, 44 डिग्री तक पहुंचा पारा, आज 11 जिलों मे हीट वेव का अलर्ट

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में भीषण गर्मी पड़ रही है। तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। तपती धूप और गर्म पछुआ हवा के प्रकोप ने प्रदेश के पारे को और बढ़ा दिया है। तेज धूप के कारण 44 डिग्री तक तापमान पहुंच चुका है। आज भी बिहारवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने आज 12 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में हीट वेव का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार आज पटना, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, गया, नवादा, अरवल, नालंदा और जहानाबाद में लू चलने की संभावना है। बताया गया है कि पछुआ हवा के प्रभाव से अगले दो दिनों तक मौसम गर्म और शुष्क बना रहेगा। कुछ जिलों में पछुआ हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है। शेष जिलों में गर्मी सामान्य रहने की संभावना है।

बक्सर का डुमरांव राज्य में सबसे गर्म स्थान

तापमान के आंकड़ों पर गौर करें तो बुधवार को बक्सर का डुमरांव राज्य में सबसे गर्म स्थान रहा। जहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके विपरीत, मधेपुरा में न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा।

12 जिलों का पारा 40 डिग्री के पार

वर्तमान में बिहार के लगभग 12 जिलों का पारा 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। रोहतास (42.4°C), गया (42.2°C) और राजधानी पटना (41.2°C) जैसे प्रमुख शहरों में भीषण गर्मी महसूस की जा रही है। छपरा, मोतिहारी, औरंगाबाद और वाल्मीकिनगर जैसे क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से काफी अधिक बना हुआ है।

भीषण गर्मी के बीच आंधी-तूफान की दस्तक

हालांकि 24 अप्रैल से बिहार के कुछ हिस्सों में मौसम अचानक करवट बदल सकता है। भीषण गर्मी के बीच अचानक आंधी-तूफान दस्तक दे सकता है। गुरुवार को एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना है। जिसके प्रभाव से कुछ जगहों पर आंधी और हल्की बारिश होने की संभावना है। इस सिस्टम के मजबूत होने पर बिहार के अन्य हिस्सों में भी तापमान में थोड़ी कमी आ सकता है।

अगले तीन दिनों तक हल्की बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, 24 अप्रैल को पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही तेज हवा चलने और वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया है। वहीं 25 और 26 अप्रैल को औरंगाबाद, गया, नवादा, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, पटना, अरवल, जहानाबद, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय को छोड़कर शेष जिलों में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

Share This Article