पारिवारिक विवाद में पति ने घर फूंका, लाखों का नुकसान

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी इलाके में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक शख्स ने घरेलू विवाद के बाद गुस्से में आकर अपने ही घर में आग लगा दी। इस घटना में घर के भीतर रखा सारा कीमती सामान, फर्नीचर और महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो गए। आरोपी की पहचान गोलपहाड़ी निवासी राजा प्रसाद के रूप में हुई है।

नशे की लत और आए दिन का झगड़ा
​स्थानीय सूत्रों और पड़ोसियों के अनुसार राजा प्रसाद अक्सर नशे की हालत में अपनी पत्नी के साथ मारपीट और झगड़ा करता था। गुरुवार को भी पति-पत्नी के बीच विवाद काफी बढ़ गया, जिससे उत्तेजित होकर राजा ने घर में आग लगा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
​आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय युवाओं की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग बुझा ली गई, नहीं तो घनी आबादी वाला क्षेत्र होने के कारण आसपास के घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे।

पुलिस की कार्रवाई
​परसुडीह पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घर में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और फर्नीचर पूरी तरह नष्ट हो चुके हैं। लाखों रुपये के संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। फरार आरोपी राजा प्रसाद की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Share This Article