अब सीधे CMO से होगी प्रशासनिक गतिविधि की मॉनिटरिंग, सीएम सम्राट चौधरी ने दी चेतावनी

Neelam
By Neelam
3 Min Read

मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी पहली बार अपनी विधानसभा तारापुर पहुंचे। जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। वहां मौजूद कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 133वें एपिसोड को सुना। इसके बाद जनसभा को संबोधित किया।

सीएम बनने के साथ बड़ी जिम्मेदारी और चुनौती-सम्राट चौधरी

लोगों को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला है, जो उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी और चुनौती है। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने क्षेत्र की सेवा करने का अवसर मिला है और वे अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए आए हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय से की जाएगी मॉनिटरिंग

मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय तक बिहार को सजाने और विकास देने का काम किया। साथ ही उन्होंने प्रशासनिक सख्ती का संकेत देते हुए कहा कि अब मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा ब्लॉक और अंचल स्तर तक मॉनिटरिंग की जाएगी।

फाइल रोकी तो होगी कार्रवाई

तारापुर में जनसभा को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने खुले मंच से सरकारी अधिकारियों को एक खुला अल्टीमेटम दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई अधिकारी बिना किसी वैध कारण के जानबूझकर किसी फाइल में एक महीने से अधिक की देरी करता है या उसे दबाकर बैठ जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के लिए किए जाने वाले काम में जानबूझकर देरी करना भ्रष्टाचार का ही एक रूप है, जिसे अब किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अतिक्रमण पर होगा सख्त एक्शन

मुख्यमंत्री ने अतिक्रमण के खिलाफ कड़ा संदेश देते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी, चाहे वह किसी का भी घर क्यों न हो। उन्होंने यह भी बताया कि तारापुर में उनके अपने घर पर भी प्रशासन कार्रवाई कर रहा है, जिससे स्पष्ट है कि कानून सभी के लिए समान है। क्योंकि फैक्ट्री लगाने के लिए जमीन की आवश्यकता है।

हर घर तक एक किलोवाट सोलर बिजली

मुख्यमंत्री ने हर घर तक एक किलोवाट सोलर बिजली पहुंचाने की योजना की जानकारी देते हुए कहा कि भविष्य में लोगों को बिजली के लिए सरकार पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री असरगंज प्रखंड के ऐतिहासिक ढोल पहाड़ी पहुंचकर मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और उसके बाद इको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने के लिए 12.49 करोड़ रुपए की परियोजना का शिलान्यास किया। इस योजना के तहत यहां पिकनिक स्पॉट, पार्क, भव्य शिव प्रतिमा, बैंक्वेट हॉल और क्राफ्ट शॉप्स बनाए जाएंगे।

Share This Article