डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: डोमचांच थाना क्षेत्र के बगरीडीह गांव में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब शादी के जश्न के बीच एक अनियंत्रित डीजे वाहन ने तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय मासूम राज पंडित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार बगरीडीह निवासी कैलाश दास के घर पर शादी समारोह का आयोजन था। कार्यक्रम के लिए चोपनाडीह से एक ‘मॉडिफाई’ किया गया डीजे पिकअप वैन बुलाया गया था। भारी-भरकम साउंड बॉक्स, जनरेटर और लाइटों से लदा यह वाहन विदाई के बाद वापस लौट रहा था। इसी दौरान वाहन चालक ने लापरवाही बरतते हुए तेजी से गाड़ी बैक की। पीछे खड़े लोगों का ध्यान डीजे के शोर में वाहन की तरफ नहीं गया और पिकअप वैन सीधे उन पर चढ़ गई।
हादसे में हुए नुकसान
मृतक राज पंडित (10 वर्ष)-पिता राजेश पंडित (मुंबई में ऑटो चालक) है। घायल विकास पंडित (10 वर्ष) को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर किया गया और घायल सोबरन पंडित (75 वर्ष) को भी बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर किया गया है।
मौके से फरार हुआ ड्राइवर, ग्रामीणों में आक्रोश
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। इसका फायदा उठाकर चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। इधर बच्चे की मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। मुंबई में काम कर रहे मासूम के पिता को सूचित कर दिया गया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने डीजे वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। लोगों का कहना है कि डीजे वाहनों पर भारी लोड और चालकों की लापरवाही आए दिन हादसों का सबब बन रही है। ग्रामीणों ने पुलिस से फरार चालक की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

