पटना में ‘कार्डिकॉन 2026’ का महासम्मेलन, 500 विशेषज्ञ करेंगे हृदय रोगों के आधुनिक इलाज पर मंथन

Reena Sharma
2 Min Read

पटना। हृदय रोगों के बढ़ते खतरे और उनके आधुनिक उपचार पर चर्चा के लिए देशभर के विशेषज्ञ पटना में जुटने जा रहे हैं।

कार्डियोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया (सीएसआई) के बिहार चैप्टर की ओर से 32वें वार्षिक सम्मेलन ‘कार्डिकॉन 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘प्रिवेंशन टू इंटरवेंशन’ यानी रोकथाम से उपचार तक रखी गई है।

होटल मौर्या में जुटेंगे 500 विशेषज्ञ

पटना के होटल मौर्या में आयोजित होने वाले सम्मेलन में देशभर के करीब 500 हृदय रोग विशेषज्ञों, कार्डियक सर्जनों और चिकित्सकों के शामिल होने की उम्मीद है।


सम्मेलन में हृदय रोगों की रोकथाम, आधुनिक तकनीक से इलाज और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर चर्चा होगी।

30 अक्टूबर से शुरू होगा सम्मेलन

आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम की शुरुआत 30 अक्टूबर को प्री-कॉन्फ्रेंस सत्र से होगी। मुख्य सम्मेलन 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। 31 अक्टूबर को शाम चार बजे उद्घाटन समारोह होगा, जिसमें बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी शामिल होंगे।

एंजियोप्लास्टी और हार्ट फेलियर पर होगी चर्चा

सम्मेलन में एंजियोप्लास्टी, हृदय की जटिल बीमारियों के इलाज, हार्ट फेलियर, हार्ट सर्जरी, जन्मजात हृदय रोग और आधुनिक जांच तकनीकों पर विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे। इन विषयों के जरिए उपचार की नई तकनीकों और चिकित्सा पद्धतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

वरिष्ठ चिकित्सकों को मिलेगा सम्मान

चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ चिकित्सकों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, स्नातकोत्तर चिकित्सा के विद्यार्थियों के लिए विशेष सत्र भी आयोजित होंगे।

सम्मेलन का उद्देश्य हृदय रोगों के बेहतर उपचार, आधुनिक तकनीकों के प्रसार और चिकित्सकों के बीच ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है।

Share This Article