रंगदारी मांगने वाले 5 गिरफ्तार, खुद पर झूठा हमला करवाकर पुलिस को गुमराह कर रहे थे बदमाश

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने रंगदारी मांगने के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सभी पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।

मात्र 10 दिन पहले जेल से बाहर आया था मुख्य सरगना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी राहुल पंडित महज 10 दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था। उसके खिलाफ पहले से भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। बाहर आते ही उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर रंगदारी का यह नया खेल शुरू कर दिया था।

क्या है पूरा मामला?
28 अक्टूबर को प्रार्थी विकास पोद्दार ने आदित्यपुर थाने में एक लिखित आवेदन दिया था, जिसके आधार पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए कांड संख्या 308/26 दर्ज किया। यह मामला आरोपियों द्वारा जबरन रंगदारी मांगने से जुड़ा हुआ था। पुलिस ने अनुसंधान शुरू करते हुए तत्परता दिखाई और सभी पांचों आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की सूची
​राहुल कुमार पंडित (निवासी – ओल्ड विद्युत नगर, आदित्यपुर) – मुख्य आरोपी
​शिवा कुमार (निवासी – टीचर ट्रेनिंग मोड़, गम्हरिया)
​आकाश सिंह (निवासी – सालडीह बस्ती)
​जुलू माली (निवासी – विद्युत नगर)
​मुकेश केवट (निवासी – सालडीह बस्ती)

पुलिस को गुमराह करने के लिए रची थी फर्जी हमले की कहानी
इस पूरे मामले की जांच के दौरान पुलिस के हाथ एक और सनसनीखेज खुलासा लगा है। मुख्य आरोपी राहुल पंडित और उसके साथियों ने 28 अक्टूबर की शाम करीब 8:00 बजे पुलिस को गुमराह करने के लिए एक फर्जी सूचना दी थी। उन्होंने दावा किया था कि सालडीह चौक के पास कुछ लोगों ने उन पर और उनके दोस्तों पर जानलेवा हमला कर दिया है। हालांकि, पुलिस ने अपनी पेशेवर कार्यकुशलता दिखाते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन किया, तो पूरी कहानी फर्जी निकली। पुलिस की जांच में यह साफ हो गया कि राहुल पंडित और उसके गुर्गों ने रंगदारी के गंभीर मामले से खुद को बचाने और पुलिस का ध्यान भटकाने के लिए यह झूठा षड्यंत्र रचा था। फिलहाल, पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है।

Share This Article