बिहार में मौसम ने करवट बदलने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। प्री-मानसून की बारिश ने तपिश से निजात दी है। हालांकि, तेज आंधी और तूफान अपने साथ तबाही लेकर आई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 1 मई 2026 को बिहार के 22 जिलों सहित देश के 11 राज्यों में तूफानी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 60 से 70 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
2 मई तक आंधी-बारिश और वज्रपात की आशंका
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां पूरी तरह सक्रिय हैं, जिसके प्रभाव से 2 मई तक आंधी, बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) की संभावना जताई गई है. वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए विभाग ने आज शुक्रवार को राज्य के 33 जिलों के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है
बिहार के 33 जिलों के लिए अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक बिहार के पटना, गया, नालंदा, औरंगाबाद, रोहतास, सारण, भोजपुर, बक्सर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, पूर्णिया, भागलपुर, कटिहार, अररिया, किशनगंज, खगड़िया और भागलपुर में भारी बारिश और तूफान की संभावना है। सारण, भोजपुर, बक्सर, वैशाली, दरभंगा और भागलपुर जैसे जिलों में 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के झोंके चलने का अनुमान है। राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जिससे मौसम सुहावना रहेगा लेकिन वज्रपात का खतरा बना रहेगा।
किसानों को सावधान रहने की सलाह
तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सतर्क रहने को कहा है। कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखने और बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे न रुकने की सलाह दी गई है। आने वाले 48 घंटे पूर्वी और उत्तर भारत के लिए बुनियादी ढांचे और किसानों के नजरिए से चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।
20 जिलों में तापमान गिरा
इससे पहले गुरुवार को आंधी और बारिश के बाद पटना समेत बिहार के करीब 20 जिलों में तापमान में साफ गिरावट देखने को मिली। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां 25.1 मिमी बारिश भी रिकॉर्ड की गई। राज्य के अन्य इलाकों में भी झमाझम बारिश हुई। सुपौल के परपतगंज में सबसे ज्यादा 72.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पूर्णिया में 60.2 मिमी, मधुबनी के लखनपुर में 58 मिमी, बक्सर में 54.4 मिमी, पूर्णिया के श्रीनगर में 52.8 मिमी, अररिया के सिकटी में 52.2 मिमी और मधुबनी के झंझारपुर में 50 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

