पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव – फाल्टा में 21 मई को दोबारा मतदान, EVM गड़बड़ी पर EC का बड़ा फैसला”

KK Sagar
2 Min Read

पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच बड़ा फैसला सामने आया है। चुनाव आयोग ने फाल्टा विधानसभा सीट पर हुई वोटिंग को रद्द कर दिया है। यह फैसला उस समय लिया गया जब 29 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान EVM में गड़बड़ी और हिंसा की शिकायतें सामने आईं।

चुनाव आयोग ने अब फाल्टा सीट के सभी 285 बूथों पर 21 मई को दोबारा मतदान कराने का आदेश दिया है। वहीं इस सीट का रिजल्ट 24 मई को घोषित किया जाएगा। बताया जा रहा है कि एक बूथ पर EVM में भाजपा के बटन के सामने टेप लगा मिला, जिससे विवाद और गहरा गया।

इससे पहले शनिवार को पश्चिम बंगाल के मगराहाट पश्चिम के 11 बूथों और डायमंड हार्बर के 4 बूथों पर भी दोबारा मतदान कराया गया था। इन 15 बूथों पर करीब 90% मतदान दर्ज किया गया, जिससे साफ है कि लोगों में वोटिंग को लेकर उत्साह बना हुआ है।

वहीं साउथ 24 परगना में TMC और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई। हालात इतने बिगड़ गए कि सुरक्षाबलों को हस्तक्षेप करना पड़ा। वोटर्स का आरोप है कि मतदान के बाद TMC कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट की, जबकि विरोध करने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान कई लोगों को सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं।

दूसरी तरफ TMC ने भी पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि मगराहाट के एक बूथ पर सुरक्षाबलों ने उनके कैंप में तोड़फोड़ की और कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की।

इसी बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए काउंटिंग एजेंट्स को संबोधित करते हुए दावा किया कि TMC इस चुनाव में 200 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....