दिल्ली में आज अमित शाह से मिलेंगे सम्राट, जानें क्यों अहम है ये मीटिंग?

Neelam
By Neelam
4 Min Read

बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हलचल तेज हो। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर जारी चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली पहुंचे हैं। आज दिल्ली में सम्राट चौधरी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करेंगे। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा से भी मुलाकात कर करेंगे। इसके अलावा वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मिलेंगे। इस मीटिंग में बिहार मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा हो सकती है।

संभावित मंत्रियों की एक सूची के साथ दिल्ली पहुंचे

बिहार में नई सरकार बन गई है, लेकिन 16 दिन हो गए हैं। अभी तक मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हुआ है। ऐसे में माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पार्टी के शीर्ष नेताओं से चर्चा करेंगे। सूत्रों से खबर यह भी है कि बीजेपी कोटे से जो मंत्री बनने वाला है, उसकी सूची भी सम्राट अपने साथ ले गए हैं। इस पर भी मंथन दिल्ली में ही होगा।

सीएम बनने के बाद अमित शाह के साथ पहली बैठक

मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी की गृहमंत्री अमित शाह से पहली बड़ी मुलाकात है। इस हाई-प्रोफाइल बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकी हुई प्रक्रिया को हरी झंडी मिलने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि दिल्ली से लौटते ही बिहार सरकार में नए चेहरों की एंट्री का रास्ता साफ हो जाएगा।

नए चेहरों को मिल सकती है एंट्री

सूत्रों का कहना है कि सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल के विस्तार में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन पर विशेष ध्यान देंगे। प्रदेश में भाजपा पहली बार मुख्यमंत्री पद पर है, ऐसे में पार्टी की कोशिश है कि राज्य के सभी प्रमुख जातीय समूहों और क्षेत्रों को उचित प्रतिनिधित्व मिले। इसी रणनीति के तहत मंत्रिमंडल में कुछ नए चेहरों को भी शामिल किए जाने की संभावना है। साथ ही प्रशासनिक अनुभव को मजबूत करने के लिए कुछ अनुभवी नेताओं को भी स्थान दिया जा सकता है।

नीतीश से मिले सम्राट 

दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मुलाकात की थी। शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ करीब आधे घंटे की बंद कमरे में चर्चा के बाद सम्राट चौधरी का दिल्ली दौरा फिक्स हुआ। वहीं दूसरी तरफ शनिवार सुबह नीतीश कुमार की सक्रियता ने सबका ध्यान खींचा। मुख्यमंत्री आवास (1 अणे मार्ग) खाली कर 7 सर्कुलर रोड शिफ्ट होने के बाद नीतीश कुमार ने जेडीयू के दिग्गज नेताओं अशोक चौधरी, बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी से मुलाकात की।

सम्राट कैबिनेट में 15-15 का फॉर्मूला

बता दें किक बिहार में भाजपा पहली बार बड़े भाई की भूमिका में है। भाजपा सूत्रों की माने तो इसकी झलक नई सरकार के शपथ समारोह में दिखाई दी। सम्राट कैबिनेट में 15-15 का फॉर्मूला लागू होगा। मतलब, जदयू कोटे से 15 और भाजपा के हिस्से से 15 मंत्री बनेंगे। हालांकि, इसमें कुछ मंत्री पद खाली छोड़े जाएंगे। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी के 13 और जेडीयू के 12 मंत्री शपथ लेंगे। इसके अलावा एलजेपी(आर) के दो, हम और आरएलएम के एक-एक मंत्री शपथ लेंगे।

Share This Article