​बड़ी कार्रवाई: चक्रधरपुर में 3200 किलो जावा महुआ जब्त, 6 भट्टियों को पुलिस ने किया ध्वस्त

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में अवैध शराब के सौदागरों के खिलाफ प्रशासन ने अपनी नकेल कस दी है। मंगलवार को उत्पाद विभाग और चक्रधरपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने पकुआबेड़ा गांव में बड़ी छापेमारी करते हुए अवैध शराब निर्माण के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया।

नदी किनारे चल रहा था मौत का खेल
​पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पकुआबेड़ा गांव के पास नदी किनारे बड़े पैमाने पर अवैध देशी शराब बनाई जा रही है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने दबिश दी, तो वहां का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए। घने पेड़ों और नदी की आड़ में 6 अवैध चुलाई भट्टियां धधक रही थी। शराब बनाने के लिए सड़ाकर रखा गया 3200 किलो जावा महुआ बरामद किया गया। मौके से तैयार की गई अवैध चुलाई शराब भी जब्त की गई। जब्त जावा महुआ और अन्य सामग्रियों को पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। पुलिस ने सभी 6 भट्टियों को पूरी तरह तोड़कर उन्हें अनुपयोगी बना दिया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ हमारा अभियान रुकने वाला नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे इन अड्डों को चिन्हित कर लगातार कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों से सहयोग की अपील
​प्रशासन ने इस कार्रवाई के जरिए शराब माफिया को कड़ा संदेश दिया है। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अपने आस-पास होने वाली ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि सामाजिक सहयोग से ही अवैध नशे के इस कारोबार को जड़ से मिटाया जा सकता है।

Share This Article