टेल्को के जेम्को में ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत, जमीन विवाद में चलीं गोलियां

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: शहर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत जेम्को स्थित मिश्रा बगान इलाके में शुक्रवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक वाहन पर सवार होकर आए दो अपराधियों ने अचानक तीन राउंड गोलियां चलाई और मौके से फरार हो गए।

किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
गोलीबारी की आवाज सुनते ही इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही टेल्को थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा (कारतूस के खाली खोखे) बरामद किए हैं। पुलिस फिलहाल आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

जमीन विवाद से जुड़ा है मामला
प्रारंभिक जांच में इस पूरी घटना के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि मिश्रा बगान इलाके में जमीन को लेकर दो गुटों के बीच पिछले कई दिनों से तनाव और विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद में अपनी दबंगई दिखाने और दहशत फैलाने के उद्देश्य से अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है।

सुरक्षा को लेकर चिंता, पास ही है JMM कार्यालय
जिस स्थान पर फायरिंग हुई, उसके समीप ही झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का कार्यालय भी स्थित है। इस कारण इलाके में राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। सघन बस्ती और राजनीतिक कार्यालय के पास हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में अपनी सुरक्षा को लेकर भारी चिंता देखी जा रही है। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच तेज कर दी है।

Share This Article