धनबाद – आजीविका योजनाओं की समीक्षा बैठक में हाट बाजार विकास और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने पर जोर

KK Sagar
2 Min Read

उप विकास आयुक्त सन्नी राज की अध्यक्षता में आजीविका प्रक्षेत्र से संबंधित विभिन्न योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित कृषि, मत्स्य, पशुपालन, उद्यान, रूर्बन मिशन एवं एफपीओ से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान निरसा, बलियापुर एवं गोविंदपुर में हाट बाजार के विकास को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई। उप विकास आयुक्त ने हाटों में वाहनों के आवागमन में हो रही परेशानी, स्थान की कमी, आधारभूत सुविधाओं के अभाव, लिफ्ट इरीगेशन एवं कोल्ड स्टोरेज की आवश्यकता पर जानकारी ली। सभी संबंधित विभागों को सोमवार तक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर सभी वेंडरों से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर हाट संचालित हो रहे हैं, लेकिन वहां मूलभूत सुविधाओं की कमी है। अस्थायी शेड को स्थायी शेड में बदलने, शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके तहत मत्स्य बीज उत्पादन, उपयुक्त स्थानों के चयन, लीज प्रक्रिया एवं संचालन की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को बताया गया कि इन कार्यों को अर्बन रूर्बन मिशन के तहत आगे बढ़ाया जाएगा।

वहीं एफपीओ (फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन) की स्थिति, लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, लंबित फंड एवं कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में मस्टर्ड कल्टीवेशन, आचार एवं मसाला प्रसंस्करण तथा मत्स्य पालन आधारित आजीविका गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला गव्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, डीडीएम नाबार्ड, जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख किसान विज्ञान केंद्र, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेएसएलपीएस, तकनीकी विशेषज्ञ जलछाजन प्रकोष्ठ, जिला समन्वयक रूर्बन मिशन, प्रभारी पदाधिकारी (आर एंड आर) जेआरडीए, आजीविका टीम पीएमयू डीएमएफटी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....