धनबाद में जिला बाल संरक्षण इकाई को मजबूत बनाने की दिशा में प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने मंगलवार को जिला बाल संरक्षण इकाई की समीक्षा बैठक कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन बाल संरक्षण इकाई के बेहतर संचालन के लिए हर संभव सहयोग देने को प्रतिबद्ध है। उन्होंने इकाई में रिक्त पदों को जल्द भरने के लिए संबंधित सचिव को पत्र भेजकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही जिला स्तर पर आउटसोर्सिंग के माध्यम से भी खाली पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा।
समीक्षा के दौरान बालिका गृह और विशेष दत्तक ग्रहण से जुड़े कार्यों की भी जानकारी ली गई। उप विकास आयुक्त ने जिले में एक नए बालक गृह की स्थापना के लिए प्रस्ताव तैयार कर सचिव को भेजने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी साधना कुमारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

