डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: पश्चिमी सिंहभूम में अवैध शराब के काले कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। बुधवार तड़के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लातारसीका गांव में पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया। इस दौरान पहाड़ों की तलहटी में चल रही 5 अवैध शराब भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
गुप्त सूचना पर तड़के बोला धावा
पुलिस को सटीक जानकारी मिली थी कि लातारसीका गांव के पास पहाड़ी इलाके की आड़ में बड़े पैमाने पर अवैध देशी शराब तैयार कर बाजारों में खपाने की तैयारी है। इसी सूचना के आधार पर सुबह करीब 5:00 बजे कार्रवाई शुरू हुई। मुफस्सिल थाना पुलिस और उत्पाद विभाग का संयुक्त दस्ता रहा। मौके से लगभग 4000 लीटर जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे तत्काल नाले में बहाकर नष्ट कर दिया गया।
मौके का फायदा उठाकर फरार हुए धंधेबाज
छापेमारी के दौरान शराब बनाने के भारी उपकरण और बर्तन भी जब्त किए गए हैं। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही घने जंगलों और पहाड़ी रास्तों का फायदा उठाकर आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस अब फरार शराब माफियाओं की पहचान कर उनके खिलाफ गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पुलिस की चेतावनी: जारी रहेगा अभियान
मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा अवैध शराब के खिलाफ हमारा अभियान निरंतर जारी है। हम स्थानीय लोगों से भी अपील करते हैं कि वे ऐसे अवैध निर्माण या बिक्री की जानकारी निडर होकर पुलिस को दें। आपकी सूचना पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

