डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर में अचानक पेट्रोल की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। शहर के लगभग सभी प्रमुख पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल खत्म होने की खबर फैलते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रात के समय भी पेट्रोल पंपों पर दोपहिया और चार पहिया वाहनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।
पेट्रोल खत्म होने की अफवाह या सच्चाई?
वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि साकची और अन्य व्यस्त इलाकों के पेट्रोल पंपों पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा है। कई पेट्रोल पंपों पर ‘नो स्टॉक’ के बोर्ड लगा दिए गए हैं, जिसके कारण लोग एक पंप से दूसरे पंप के चक्कर काटने को मजबूर हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही यह खबर फैली कि शहर में तेल की आपूर्ति बाधित हो सकती है, लोग अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के लिए घरों से निकल पड़े।
ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई
पेट्रोल पंपों पर लगी कतारें इतनी लंबी हैं कि वे मुख्य सड़कों तक पहुंच गई हैं, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। साकची, बिष्टुपुर और मानगो जैसे इलाकों में भारी जाम की स्थिति बनी हुई है। एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी इस जाम के कारण भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।
लोगों में आक्रोश और घबराहट
घंटों कतार में खड़े रहने के बाद भी कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। पेट्रोल पंपों पर तैनात कर्मचारी भीड़ को नियंत्रित करने में असमर्थ दिख रहे हैं। कुछ जगहों पर पुलिस प्रशासन को भी हस्तक्षेप करना पड़ा है, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। लोग सरकार और तेल कंपनियों से इस संकट को जल्द से जल्द दूर करने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल, इस किल्लत के पीछे का मुख्य कारण आपूर्ति में कमी या ट्रक चालकों की हड़ताल बताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

