झाझा में तैनात इंजीनियर के ठिकानों पर EOU की रेड, कैश-जेवरात देख दंग रह गई टीम : झाझा से पटना तक मचा हड़कंप

KK Sagar
3 Min Read

बिहार के जमुई जिले के झाझा में पदस्थापित ग्रामीण विकास विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर गोपाल कुमार पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ा शिकंजा कस दिया है। आय से अधिक संपत्ति मामले में शनिवार सुबह पटना और जमुई के चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नकदी, जेवरात, जमीन से जुड़े कागजात और बैंक दस्तावेज बरामद होने से विभागीय गलियारों में हड़कंप मच गया।

EOU की टीम ने पटना के मजिस्ट्रेट कॉलोनी स्थित जगत विला अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर F-2 में छापा मारकर करीब 40 लाख रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा लाखों रुपये के गहने, चांदी के बर्तन और कई बैंकों की पासबुक भी मिली हैं। बताया जा रहा है कि यह 3BHK फ्लैट गोपाल कुमार ने वर्ष 2015 में खरीदा था, जिसकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

वहीं जमुई के KKM कॉलेज के पास किराये के मकान में चल रही कार्रवाई के दौरान 8.39 लाख रुपये कैश मिले हैं। नोटों की गिनती के लिए मशीन मंगवाई गई। यहां से भी आभूषण और कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि रेड के दौरान शुरुआत में इंजीनियर ने टीम को रोकने की कोशिश की, लेकिन वारंट दिखाए जाने के बाद कार्रवाई शुरू हुई।

कंकड़बाग स्थित गोपाल कुमार के निजी मकान और झाझा ग्रामीण विकास विभाग कार्यालय में भी EOU की टीम ने घंटों छानबीन की। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की गई और इंजीनियर के चैंबर को खंगाला गया।

सूत्रों के मुताबिक EOU की शुरुआती जांच में गोपाल कुमार के पास ज्ञात आय से करीब 81.5 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने का खुलासा हुआ है। जांच एजेंसी को लगभग 2 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति के प्रमाण मिले हैं। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर विशेष अदालत से वारंट लेने के बाद यह कार्रवाई की गई।

EOU अधिकारियों के अनुसार तलाशी अभियान पूरा होने के बाद जब्त दस्तावेजों, नकदी और संपत्तियों का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा। इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....