डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: झारखंड के सोनुवा थाना क्षेत्र (NH-320D) स्थित गोलमुंडा कुनुसाई के पास बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां बिजली लाइन दुरुस्त करने के काम में जुटे उत्तर प्रदेश के एक मजदूर की ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान यूपी के तिवारीपुर निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है।
इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा सुबह करीब 9 बजे का है। पवन ट्रैक्टर के इंजन पर ड्राइवर के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान कुनुसाई के पास अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, वह ट्रैक्टर की भारी-भरकम ट्रॉली की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे चाईबासा रेफर कर दिया। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था, चाईबासा ले जाने के दौरान रास्ते में ही पवन ने दम तोड़ दिया।

