धनबाद पुलिस अब और ज्यादा हाईटेक और तेज़ रेस्पॉन्स वाली होने जा रही है। जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में बुधवार को पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में 45 नई हाईटेक पेट्रोलिंग बाइक का शुभारंभ किया गया। उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने फीता काटकर तथा खुद बाइक चलाकर इन आधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाई।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और जवानों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। नई बाइक के शामिल होने से शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में पुलिस की मौजूदगी और अधिक मजबूत होगी। इससे अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित पहुंच भी सुनिश्चित होगी।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि राज्य सरकार लगातार पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने पर काम कर रही है। नई हाईटेक बाइक मिलने से शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में पुलिसिंग को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस कंट्रोल रूम को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है ताकि निगरानी व्यवस्था और संचार प्रणाली और प्रभावी बन सके।
उन्होंने यह भी कहा कि धनबाद की जनता का पुलिस प्रशासन पर भरोसा सबसे बड़ी ताकत है और जिला प्रशासन की प्राथमिकता आम लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
वहीं एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि नई पेट्रोलिंग बाइक जिले के विभिन्न थानों में भेज दी गई हैं और इनका उपयोग 24 घंटे गश्ती कार्य में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डायल 112 सेवा के रेस्पॉन्स टाइम में धनबाद पुलिस पूरे झारखंड में बेहतर प्रदर्शन कर रही है और नई बाइक मिलने से यह क्षमता और बढ़ेगी।
एसएसपी ने बताया कि सभी नई बाइक आधुनिक जीपीएस सिस्टम, ब्लिंकर, सायरन और वायरलेस सेट जैसी सुविधाओं से लैस हैं। इन वाहनों की निगरानी पुलिस कंट्रोल रूम से लगातार की जा सकेगी, जिससे पुलिसिंग और अधिक प्रभावी होगी।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इससे पहले पिछले वर्ष धनबाद पुलिस को 70 नई पेट्रोलिंग बाइक, 50 सिटी हॉक्स बाइक और 40 बोलेरो वाहन भी उपलब्ध कराए गए थे। पुलिस आधुनिकीकरण की दिशा में यह अभियान लगातार जारी है।
मौके पर ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब, डीएसपी नौशाद आलम, डीएसपी धीरेन्द्र नारायण बंका, डीएसपी सुमित कुमार, डीएसपी शंकर कामती, सार्जेंट मेजर विनोद कुजूर, सार्जेंट लक्ष्मण मेहता सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे।

