‘समधिनिया पर हुआ… अब तोहरो पर होगा’, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को मिली धमकी

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सह केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को सोशल मीडिया पर सरेआम धमकी देने का मामला सामने आया है। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतन राम मांझी को सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करते हुए धमकी दी गई है। बता दें कि कुछ दिनों पहले ही उनकी समधन विधायक ज्योति मांझी के काफिले पर हमला हुआ था

जातिसूचक टिप्पणी के साथ धमकी

वीडियो में युवक कह रहा है, “अभी समधिनिया पर हमला हुआ है न, अब तोरो पर हमला होगा। समझा न, इसलिए यादव दारोगा को टारगेट करना छोड़ दो।” उन्हें जातिसूचक टिप्पणी के साथ धमकी देते हुए दिखाई दे रहा है। घटना के बाद सियासी हलकों में हड़कंप मच गया है। 

एफआईआर का आदेश

वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए गयाजी के एसएसपी सुशील कुमार ने संज्ञान लिया और प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वीडियो में शामिल व्यक्ति की पहचान कर सूचना दें, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।

जीतन राम मांझी को धमकाने की वजह?

बता दें कि ज्योति मांझी पर हमले के बाद जीतन राम मांझी ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि आठ दिन के अंदर मोहनपुर थाने के दारोगा पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे डीएम-एसएसपी के आवास का घेराव करेंगे। उन्होंने जाति के आधार पर दारोगा को घेरा था। इसी पर युवक ने धमकी दी है।

हाल में हुआ था मांझी की समधन पर हमला

बता दें कि अभी हाल में जीतन राम मांझी की समधन ज्योति मांझी पर हमला हुआ था। उसमें उनके बॉडीगार्ड से हाथापाई की गई थी। इसे लेकर पहले से सियासी माहौल गर्म था। इस बीच इस वायरल वीडियो ने राजनीतिक तापमान को बढ़ा दिया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने आरोपी के खिलाफ साइबर थाने में मामला दर्ज कर कार्रवाई करने में जुटी है। उसके अलावा विशेषज्ञ टीमों को वीडियो की जांच में लगाया गया है, ताकि युवक की पहचान जल्दी हो सके।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि वीडियो की जांच चल रही है। लोकेशन के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। युवक की तलाश जारी है। प्रशासन का दावा है कि आरोपी की पहचान होते ही, उसके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।

Share This Article